भारत को गब्बर सिंह टैक्स नहीं, सरल GST चाहिए, कांग्रेस करके दिखाएगी ये काम: राहुल गांधी

भारत को गब्बर सिंह टैक्स नहीं, सरल GST चाहिए, कांग्रेस करके दिखाएगी ये काम: राहुल गांधी

अहमदाबाद। नवसृजन यात्रा के तहत तीन दिन के उत्तर गुजरात के दौरे की शुरुआत के पहले दिन कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने दौरे की शुरुआत अक्षरधाम मंदिर में दर्शन करके की।

राहुल गांधी अहमदाबाद एयरपोर्ट से सीधे अक्षरधाम मंदिर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने गांधीनगर के ही चिलोबा में लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अच्छी बात है, कांग्रेस पार्टी और हिन्दुस्तान की जनता ने बीजेपी पर दबाव डाला और 20 फीसदी से काफी आइटम उन्होंने 18 फीसदी में ला दिए। मगर अभी हम खुश नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि अभी हम रुकेंगे नहीं. हिन्दुस्तान को 5 अलग अलग टैक्स नहीं चाहिए। एक टैक्स चाहिए. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ढांचागत बदलाव चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 8 नवम्बर को नोटबंदी की और कहा कि इससे काला धन कम होगा, भ्रष्टाचार ख़त्म होगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ बल्कि उलटा जो किसान हैं, ग़रीब हैं उन पर ज़बरदस्त चोट पहुंचाई गयी।

राहुल गाँधी ने कहा कि हिंदुस्तान चाहता है कि नरेंद्र मोदी जी देश को आगे बढायें, हिंदुस्तान ये नहीं चाहता कि वो देश का नुक़सान करें. कांग्रेस उपाध्यक्ष ने सूरत में कामगारों की तारीफ़ करते हुए कहा कि 24 घंटे सूरत में कामगार काम करते रहते हैं किसके लिए गुजरात के लिए, देश के लिए।

उन्होंने कहा कि भारत को गब्बर सिंह टैक्स नहीं, सरल GST चाहिए। कांग्रेस और देश की जनता ने लड़कर कई वस्तुओं पर 28% टैक्स ख़त्म करवाया है।18% CAP के साथ एक रेट के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। अगर भाजपा ये काम नहीं करेगी, तो कांग्रेस करके दिखाएगी।

तीन दिवसीय सड़क यात्रा के दौरान राहुल गांधी उत्तर गुजरात के छह जिलों का दौरा करेंगे। वे अपने दौरे के दौरान महिलाओं, ग्रामीणों और विभिन्न समुदाय के लोगों के साथ मुलाकात करेंगे।

बनासकांठा जिले में अम्बाजी मंदिर जाना भी उनके शेड्यूल में बताया जा रहा है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में राहुल ने सौराष्ट्र, मध्य गुजरात और दक्षिण गुजरात में ऐसी प्रचार यात्राएं की हैं।

 

TeamDigital