ताज होटल के खिलाफ मुकदमा दायर करेंगे हार्दिक पटेल और कांग्रेस
अहमदाबाद। गुजरात यात्रा के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और गुजरात के प्रभारी अशोक गहलोत जिस होटल में ठहरे थे उसकी सीसीटीवी फुटेज मीडिया में लीक होने के बाद अब इस मामले में गुजरात कांग्रेस और पाटीदार नेता हार्दिक पटेल कानूनी विशेषज्ञो की राय ले रहे हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी 23 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर थे। उसके एक दिन पहले ही रात के 3 बजे हार्दिक पटेल ताज होटल में आए थे। कई मीडिया चैनलों ने सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए यहां कमरा नं 224 में राहुल गांधी और हार्दिक पटेल के बीच मुलाकात होने का दावा किया है।
इस मामले में जहाँ गुजरात कांग्रेस के प्रभारी अशोक गहलोत ने अपनी आपत्ति जताते हुए सवाल उठाये कि मीडिया के पास होटल की सीसीटीवी फुटेज कैसे पहुंची, ये एक गंभीर मामला है , इस पर राज्य के मुख्यमंत्री को जबाव देना चाहिए।
वहीँ पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने मीडिया के इन दावों को झुठलाया कि वे राहुल गांधी से मिले थे। उन्होंने कांग्रेस प्रभारी अशोक गहलोत से मुलाकात की बात स्वीकारी लेकिन होटल की सीसीटीवी फुटेज लीक होने पर सवाल उठाये।
हार्दिक ने व्यक्तिगत स्वंत्रतता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह किसी का भी निजी मामला है। यदि कोई आईएएस, आईपीएस या कोई भी वीवीआईपी किसी से मुलाकात करता है तो क्या इसका सीसीटीवी फुटेज जारी करना चाहिए?
हार्दिक ने कहा कि वे इस मामले में ताज होटल के खिलाफ मुकदमा दायर करेंगे। वही कांग्रेस ने भी ताज होटल का बहिष्कार कर केस करने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि गुजरात के लिए चुनाव कार्यक्रम का एलान हो चुका है। यहाँ 9 दिसम्बर और 14 दिसम्बर को दो चरणों में मतदान होगा। राज्य में दो मुख्य राजनैतिक दलों कांग्रेस और बीजेपी के अलावा आम आदमी पार्टी और शंकर सिंह वाघेला की नई पार्टी भी चुनावी मैदान में हैं। गुजरात की सत्ता पर कब्ज़ा करने के लिए कांग्रेस और बीजेपी अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
