ताजमहल मामले में योगी का यूटर्न, अब कहा ‘पर्यटन के नजरिए से बहुत महत्वपूर्ण’
लखनऊ। ताजमहल को लेकर बीजेपी विधायक द्वारा दिए गए विवादित बयान से खुद को अलग करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ताज महल को लेकर बीजेपी विधायक संगीत सोम ने जो टिप्पणी की है वह उनके निजी विचार हैं और राज्य सरकार इसका समर्थन नहीं करती।
उन्होंने कहा कियह जरूरी नहीं है कि ताज महल का निर्माण किसने किया और क्यों किया, महत्वपूर्ण बात यह है कि इसके निर्माण में भारत के मजदूरों ने अपना खून-पसनी बहाया था। उन्होंने ताजमहल को पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। योगी ने कहा कि टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए यह सरकार की प्राथमिकता है कि पर्यटकों को सुविधा और सुरक्षा दें।
सीएम योगी ने बताया कि उनकी सरकार राज्य के ऐतिहासिक धरोहरों के पुनरुद्धार के लिए लगातार काम कर रही है और राज्य के प्रत्येक ऐतिहासिक स्मारक को पर्यटन के योग्य बनाया जा रहा है।
गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ 26 अक्टूबर को आगरा दौरे पर जा रहे हैं। वह ताज महल भी जाएंगे और पर्यटन से जु़ड़े एक कार्यक्रम में भी वह शामिल होंगे।
इससे पहले बीजेपी विधायक संगीत सोम ने ताजमहल को विवादित बयान दिया था। उन्होंने ताज महल को संस्कृति पर धब्बा बताया था। इतना ही नहीं संगीत सोम ने कहा कि ताज महल बनाने वाले ने उत्तर प्रदेश और हिंदुस्तान से सभी हिंदुओं का सर्वनाश करने का काम किया था।
