गुजरात में बदले सुर, पीएम मोदी बोले ‘जीएसटी लागू करने में कांग्रेस बराबर की भागीदार’

गुजरात में बदले सुर, पीएम मोदी बोले ‘जीएसटी लागू करने में कांग्रेस बराबर की भागीदार’

नई दिल्ली। गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कई हमले किये। गुजरात गौरव यात्रा के समापन के अवसर पर यहां आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर विकास के खिलाफ राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

प्रधानमंत्री के भाषण में विकास से लेकर वंशवाद सब कुछ वही था जो बीजेपी पहले भी दोहराती रही है लेकिन एक नई बात यह सुनने को मिली कि जिस जीएसटी को लागू करने का पहले बीजेपी श्रेय लेते हुए इसे साहसिक कदम बताती थी अब उसी जीएसटी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहा कि जीएसटी लागू करने में कांग्रेस बराबर की भागीदार है।

प्रधानमंत्री द्वारा जीएसटी लागू करने में कांग्रेस को शामिल करना दर्शाता है कि या तो सरकार को अपने फैसले पर पछतावा है इसलिए वह जीएसटी लागू करने में कांग्रेस को अपने साथ खड़ा करना चाहती है अथवा गुजरात चुनाव में कारोबारियों के वोट हाथ से खिंसकते देख यह कोई नया राजनैतिक स्टंट है।

पीएम मोदी ने जब नोट बंदी और जीएसटी के मामले में बोलना शुरू किया तो उन्होंने हिंदी की जगह गुजराती में बोलना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से सबका भला है, कालेधन पर रोक लगी है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश में जीएसटी लागू करने का फैसला केवल उनकी पार्टी का नहीं था बल्कि कांग्रेस की सहमति से यह लागू किया गया। उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू कराने में कांग्रेस भी बराबर की भागीदार है।

गौरतलब है कि इससे पहले बीजेपी नेता देश में जीएसटी लागू करने का श्रेय मोदी सरकार को देते रहे हैं। इतना ही नहीं वित्त मंत्री सहित कई केंद्रीय मंत्री जीएसटी लागू करने के मोदी सरकार के फैसले को साहसिक कदम बताते नहीं थकते थे।

TeamDigital