नरेंद्र मोदी सिर्फ बोलने वाले पीएम, देश को चाहिए काम करने वाला प्रधानमंत्री

नरेंद्र मोदी सिर्फ बोलने वाले पीएम, देश को चाहिए काम करने वाला प्रधानमंत्री

लखनऊ। बहुजन समाजपार्टी सुप्रीमो मायावती ने कहा कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने इस बात को स्वीकार कर लिया है कि नरेंद्र मोदी सिर्फ ‘बोलने वाले पीएम हैं।’ जबकि देश को बोलने वाले नहीं बल्कि काम करने वाले पीएम की आवश्यकता है।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के मंगलवार को यूपी दौरे के दौरान दिए गए भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए मायावती ने अपने बयान में कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह पहला मौका है जब देश का प्रधानमंत्री सिर्फ एकतरफा तौर पर अपनी बात कहने में यकीन करता है और उसके लिए सरकारी माध्यमों तथा संसाधनों का सिर्फ अपने लिए इस्तेमाल करना पसंद करता है।

मायावती ने कहा कि फिर भी भाजपा एंड कंपनी का यह कहना है कि उसने देश को बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया है, लेकिन मूल प्रश्न यह है कि ऐसा केवल बोलने वाला प्रधानमंत्री देश के गरीबों, मजदूरों, किसानों, बेरोजगार, युवकों, छोटे और मझोले व्यापारियों के साथ-साथ अन्य मेहनतकश लोगों के किस काम का, जो उन वर्गों की समस्या का समाधान करने की बजाय उनके जीवन को और ज्यादा नरक कर रहा है।

उन्होंने कहा कि कुछ इसी तरीके पर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार भी चल रही है, जिसकी कथनी और करनी में बड़ी खाई जैसा अंतर है। खासकर अपराध-नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के मामले में तो स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है, क्योंकि खुद सत्ताधारी पार्टी के लोग हर प्रकार के अपराध में लिप्त पाए जा रहे हैं।

TeamDigital