सपा नेता आज़म खान की जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचा आर्मी टैंक
रामपुर। सपा नेता आज़म खान की यूनिवर्सिटी मौलाना जौहर अली विश्वविधालय में बुधवार रात को आर्मी टैंक पहुँच गया। इस अवसर पर इंडियन आर्मी ज़िंदाबाद के नारे लगाए गए।
दरअसल छात्रों में देशभक्ति की भावना पैदा करने के लिए दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर ने यूनिवर्सिटी कैम्पस में आर्मी टैंक खड़ा करने की सलाह दी थी, लेकिन जेएनयू वीसी द्वारा दी गयी सलाह पर अमल नहीं हो सका।
इस मामले को आगे बढ़ाते मौलाना जौहर अली विश्वविधालय के संस्थापक,चांसलर और सपा नेता आज़म खान ने अपनी यूनिवर्सिटी के लिए आर्मी टैंक की मांग आगे बढ़ाई और उन्हें आर्मी ने टैंक उपलब्ध करा दिया। रामपुर स्थित मौलाना जौहर अली उर्दू विश्वविद्यालय के कैंपस में बुधवार सेना का भेजा हुआ टैंक पहुंच गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सेना का चाबुक टैंक विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग के छात्रों को प्रशिक्षण देने के लिए आया है। सेना ने बेकार हो चुके टैंक को 1.96 लाख रुपये में यूनिवर्सिटी को दिया है।
टैंक के पहुंचने पर छात्रों ने आजम खान जिंदाबाद, जौहर यूनिवर्सिटी जिंदाबाद और भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे लगाये। सपा नेता आजम खान ने कहा कि सेना से हजारों यूनिवर्सिटी ने टैंक के लिए आवेदन किया था लेकिन केवल 11 यूनिवर्सिटी को ये मिले। आजम खान ने कहा कि सेना ने उनकी यूनिवर्सिटी को अच्छा समझ कर ही टैंक देने का फैसला लिया। आजम खान ने सेना का इसके लिए शुक्रिया कहा।
