बीजेपी नेता के बेटे को बचाने के लिए गायब की गयी सीसीटीवी फुटेज: कांग्रेस

बीजेपी नेता के बेटे को बचाने के लिए गायब की गयी सीसीटीवी फुटेज: कांग्रेस

नई दिल्ली। चंडीगढ़ में एक आईएएस की बेटी से कथित तौर पर हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के बेटे द्वारा की गयी छेड़खानी के मामले में पुलिस द्वारा संगीन धाराएं हटाकर तुरंत ज़मानत देने के मामले के बाद अब 6 सीसीटीवी कैमरों से गायब हुई फुटेज पर सवाल उठा शुरू हो गए हैं।

सोमवार को कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के दबाव में चंडीगढ़ प्रशासन आरोपी को बचाने का प्रयास कर रहा है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला का कहना है कि भाजपा हरियाणा अध्यक्ष के बेटे को बचाने के लिए ढाल का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ये जाहिर है कि भाजपा चंडीगढ़ प्रशासन पर दबाव डाल रही है। एक राजनेता होने के नाते भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला अपने बेटे को बचा रहे हैं।

सुरजेवाला कहा, “आरोपी को बचाने के लिए पांच सीसीटीवी फुटेज को भी गायब कर दिया गया है। अब ये कहा जा रहा है कि सात में से पांच सीसीटीवी काम ही नहीं कर रहे थे। ऐसा कैसे हो सकता है कि सात में से पांच सीसीटीवी कैमरों ने एक साथ काम करना बंद कर दिया हो? सच ये है कि हम आरोपी के खिलाफ सबसे पुख्ता सबूत को खो चुके हैं।”

कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हम भारत के लोगों की तरफ से पूछते हैं कि अगर कोई युवा शराब के नशे में सात किलोमीटर तक एक लड़की का पीछा करे, उसकी कार रोकने का प्रयास करे और जबरदस्ती कार का दरवाजा खोलकर अंदर आने की कोशिश करे। तो क्या ये मामला महिला के अपहरण और अपमान का नहीं है? क्यों इस अपराध के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री को इसके बारे में जवाब देना चाहिए।”

बता दें कि शनिवार को आईएएस अधिकारी की बेटी से छेड़छाड़ के आरोप में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष के बेटे विकास बराला को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि कुछ घंटों बाद बराला को जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस मामले पर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर खट्टर सरकार को घेरा जा रहा है।

TeamDigital