उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी

नई दिल्ली। देश के नए उपराष्ट्रपति के लिए आज मतदान हो रहा है। इस चुनाव में सत्तारूढ़ एनडीए की तरफ वेंकैया नायडू और विपक्ष की तरफ से गोपाल कृष्ण गांधी उम्मीदवार है। मतदान के बाद आज शाम को ही वोटिंग के नतीजे भी जारी कर दिए जाएंगे।

लोकसभा में बहुमत वाले राजग की ओर से उम्मीदवार बनाए गये पूर्व केन्द्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू का देश का अगला उपराष्ट्रपति चुने जाने का रास्ता लगभग साफ है लेकिन विपक्ष के उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी के चलते किसी उलटफेर से इंकार नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि राष्ट्रपति पद के चुनाव के दौरान भी कई राजनैतिक दलों के सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग की थी।

मौजूदा उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। वह लगातार दो बार इस पद पर रह चुके हैं। राज्यसभा के पदेन सभापति एवं देश के उपराष्ट्रपति के चुनाव में मतदान का अधिकार संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित तथा नामित सदस्यों को होता है।दोनों सदनों में सदस्यों की कुल संख्या 790 है, लेकिन वर्तमान में लोकसभा में दो और राज्यसभा में एक सीट रिक्त है।

वहीं, लोकसभा सदस्य छेदी पासवान न्यायिक फैसले के कारण मतदान के लिए अयोग्य करार दिये गये हैं। लोकसभा के कुल 545 सदस्यों में भाजपा के 281 सांसद हैं, जबकि भाजपा नीत राजग के कुल 338 सदस्य हैं। वहीं, 243 सदस्यीय राज्यसभा में भाजपा के कुल 56 सदस्य हैं जबकि सदन की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में कांग्रेस के पास 59 सदस्य हैं।

TeamDigital