GST के लिए रात को पार्लियामेंट खुल सकती है किसानो के मुद्दे पर बात करने के लिए समय नहीं: राहुल
बांसवाड़ा। किसान आक्रोश रैली को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी ने केंद्र और राज्य सरकार पर कड़े प्रहार किये। राज्य के किसानो के कर्जमाफी की मांग उठाते हुए राहुल गाँधी ने कहा कि ‘जीएसटी के लिए पार्लियामेंट रात को 12 बजे खोला जा सकता है, मगर किसानों के मुद्दे पर एक मिनट बात नहीं हो सकती, ये है बीजेपी की सच्चाई।’
उन्होंने केंद्र सरकार पर किसानो की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘लोकसभा में किसानों पर चर्चा के लिए कांग्रेस पार्टी ने कुछ समय माँगा, पीएम मोदी भी मौजूद थे, लेकिन हमें एक मिनट भी नहीं दिया गया।’
राहुल गाँधी ने कहा कि अगर इस देश की पूरी दुनिया में पहचान है तो वो पहचान किसान ने दिलवाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार किसानो के हितो की अनदेखी कर रही है। राहुल ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में किसानो के कर्ज माफ़ कराने के लिए हमने प्रयास किये। प्रदेश के 2 करोड़ किसानों ने मोदी जी को लिखकर दिया कि हमारा कर्जा माफ कीजिये। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दबाव में आकर उत्तर प्रदेश में बीजेपी की योगी सरकार ने किसानों का कर्ज माफ करने का फैसला लिया है।
राहुल गाँधी ने बीजेपी और आरएसएस को किसान और मजदूर विरोध बताते हुए कहा कि कर्नाटक में सिद्धारमैया और पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह अगुवाई में कांग्रेस की सरकार बनी थी, इन दोनों मुख्यमंत्रियों ने 24 घंटे में किसानों का कर्ज माफ कर दिया।
जीएसटी का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने जीएसटी को धूमधाम के साथ लागू करने के लिए आधी रात को चुना। मैंने उनसे पहले ही कहा था कि जीएसटी गरीबों और छोटे कारोबारियों के ऊपर लादा गया टैक्स है। ये केवल अमीरों का ध्यान रखते हैं, गरीब के साथ कुछ भी हो जाए, इन्हें मतलब नहीं है, यही बीजेपी और आरएसएस की सच्चाई है।
किसान आक्रोश रैली में कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि जब कोई अमीर, पूंजीपति बैंक जाता है तो उसके लिए रेड कॉर्पेट बिछाया जाता है। उनसे पूछा जाता है आप कितना कर्ज लेंगे वहीं एक गरीब, मजदूर जब बैंक जाता है तो उसके लिए दरवाजे बंद होते हैं। हमसे और सोनिया गांधी से जब किसान मिलने आते हैं तो वे बैंकों का दरवाजों खुलवाने को कहते हैं। किसान हमसे मिलते हैं तो वे हमें मनरेगा के लिए शुक्रिया करते हैं, वे कहते हैं कि आपने देश के हर मजदूर को रोजगार दिया, इसलिए हम पूरी तरह आपके साथ हैं।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट का कहना है कि राहुल गांधी किसानों की पीड़ा सुनने और सरकार तक पहुंचाने के लिए यहां आ रहे हैं, क्योंकि सरकार किसानों की स्थिति सुधारने के लिए कुछ नहीं कर रही है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी ने बांसवाड़ा में पीड़ित किसानों के परिवारों से मिलकर उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनके न्याय और हक़ की लड़ाई लड़ती रहेगी।
आज की रैली को राजस्थान में होने जा रहे विधानसभा चुनावो में कांग्रेस के अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। रैली में जुटी भीड़ से प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट का कद बढ़ा है।
