2019 में रामदेव नहीं करेंगे बीजेपी का प्रचार, मोदी सरकार को दी ये चेतावनी
नई दिल्ली। योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा है कि अगले वर्ष देश में होने वाले आम चुनावो में वे बीजेपी का प्रचार नहीं करेंगे। बाबा रामदेव ने 2014 के लोकसभा चुनावो में बीजेपी के लिए प्रचार किया था।
एनडीटीवी के युवा कार्यकम में शामिल हुए बाबा रामदेव ने एक सवाल के जबाव में कहा कि अब उन्होंने राजनीति से दूरी बना ली है। उन्होंने कहा कि “मैं अब सब पार्टियों के साथ हूँ और किसी पार्टी के साथ नहीं हूँ।’
रामदेव ने पेट्रोल डीजल की कीमतें बढ़ने के लिए मोदी सरकार की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि पेट्रोल डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाना चाहिए।
जब बाबा रामदेव से पूछा गया कि क्या पतंजलि देश में सस्ता पेट्रोल डीजल उपलब्ध करा सकती है तो रामदेव ने कहा कि अगर सरकार चाहेगी और वह टेक्स में कुछ राहत देगी तो मैं देश में पेट्रोल 35-40 रुपये प्रति लीटर मुहैया करा सकता हूँ।
रामदेव ने कहा कि यदि मोदी सरकार कीमतों में बढ़ोत्तरी नहीं रोक पाती तो उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है। महंगाई के सवाल पर बाबा रामदेव ने कहा कि मैं या आप कहे या ना कहें पर मोदी सरकार को ये महंगाई कम करनी होगी। अगर ये महंगाई कम नहीं की तो ये आग उन्हें ले डूबेगी।
हालाँकि बाबा रामदेव ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ़ में कहा कि पीएम मोदी ने अच्छा काम किया है। उन्होंने देश में स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया और अभी तक कोई बड़ा घोटाला नहीं होने दिया है।
गौरतलब है कि बाबा रामदेव ने 2014 में बीजेपी के लिए चुनाव प्रचार में अहम भूमिका अदा की थी। उन्हें 2015 में हरियाणा सरकार का ब्रांड एम्बेस्ड़र और केबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया। अब मालूम होता है कि बाबा रामदेव का बीजेपी से मोहभंग हो गया है।
