हाईकोर्ट की हरियाणा सरकार को फटकार: राजनैतिक लाभ के लिए जलने दिया पंचकुला
चडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह उर्फ़ राम रहीम की गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा के लिए हरियाणा और पंजाब हाईकोर्ट ने हरियाणा की खटटर सरकार को कड़ी फटकार लगायी है।
कोर्ट ने कहा कि हालत के सामने हरियाणा सरकार ने सरेंडर कर दिया। इतना ही नहीं कोर्ट ने खटटर सरकार को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि राजनैतिक लाभ के लिए पंचकूला को जलने दिया।
पंजाब, हरियाणा हाईकोर्ट ने शुक्रवार एक जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान उत्पात से हुए नुकसान की भरपाई के लिए गुरमीत राम रहीम की संपत्ति बेचने का आदेश दिया था।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि दुष्कर्म के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत से डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी ठहराए जाने के बाद भड़की हिंसा में 31 लोगों की मौत हुई है।
मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पंचकूला में 29 और सिरसा में दो लोगों की मौत हुई है। सीबीआई अदालत के फैसले के बाद हुई हिंसा में कम से कम 250 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 60 पुलिसकर्मी भी हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हरियाणा में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गयी थी राजनाथ के आवास पर पूर्वाह्न 11 बजे बैठक शुरू हुई, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, गृह सचिव राजीव महर्षि, खुफिया ब्यूरो (आईबी) के प्रमुख राजवी जैन और गृह मंत्रालय के अन्य अधिकारी शामिल थे।
