सोनिया गांधी की नसीहत: सोशल मीडिया से नहीं चलेगा काम, सड़क पर उतरें कांग्रेस कार्यकर्त्ता

सोनिया गांधी की नसीहत: सोशल मीडिया से नहीं चलेगा काम, सड़क पर उतरें कांग्रेस कार्यकर्त्ता

नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नसीहत दी है कि सिर्फ सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने से पार्टी का भला नहीं होगा, कांग्रेस कार्यकर्त्ता सड़क पर उतर कर संघर्ष करें।

पार्टी के महासचिवों-प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों, मुख्यमंत्रियों और विधायक दल के नेताओं की बैठक में सोनिया ने कांग्रेस को एकजुट करने और जनता की आवाज़ बनने पर जोर दिया।

इतना ही नहीं सोनिया गांधी ने देश की अर्थव्यवस्था के मौजूदा हालात पर चिंता जताई। उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि कि मोदी सरकार में हर संस्था को कमजोर किया जा रहा है और विरोध की आवाज को दबाया जा रहा है। हमे इसके खिलाफ संघर्ष करना है।

सोनिया ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस समय देश की सरकार सत्ता का बहुत ही बुरे ढंग से दुरूपयोग कर रही है। विरोध की आवाज़ों को दबाया जा रहा है, सत्ता के खिलाफ आवाज उठाने वालों को धमकियां दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी ताकतों का मुकाबला करने को सदैव तैयार है जो महात्मा गांधी, सरदार पटेल और डा बी आर आंबेडकर के सदेशो को अपने हिसाब से तोड़मरोड़ कर गलत तरीके से पेश करती हैं। सोनिया ने कहा कि हमे ऐसी ताकतों के खिलाफ गाँव गाँव- शहर शहर तक पहुंचना होगा और सड़को पर उतरना होगा।

तीन राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर सोनिया गांधी ने कहा कि यदि अगर हम पार्टी हित को ऊपर रखकर काम करेंगे तो हम पार्टी की खोई हुई ज़मींन वापस दिलाने में कामयाब होंगे। उन्होंने कहा कि समय चुनौतीपूर्ण हैं और हमे ये चुनौतियाँ स्वीकार करनी हैं।

सोनिया गांधी ने पार्टी नेताओं से कहा कि सिर्फ सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने या आक्रामक होने से काम नहीं चलेगा। हमे सड़को पर उतरना पड़ेगा, जनता से सीधा सम्पर्क बनाना पड़ेगा। लोगों तक सीधे पहुंचना ज्यादा महत्वपूर्ण है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital