सनी देओल के लिए प्रचार नहीं करेंगी विनोद खन्ना की पत्नी
नई दिल्ली। गुरुदासपुर लोकसभा सीट पर फिल्म अभिनेता सनी देओल को टिकिट दिए जाने से नाराज़ पूर्व फिल्म अभिनेता और गुरुदासपुर से सांसद रहे विनोद खन्ना की पत्नी ने नाराज़गी जताई है।
विनोद खन्ना की पत्नी कविता खन्ना ने टिकिट न मिलने पर पार्टी के खिलाफ नाराज़गी जताते हुए कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सनी देओल के लिए न प्रचार करेंगी और न ही वोट मांगेंगी।
कविता खन्ना ने कहा कि ”पंजाब के गुरुदासपुर लोकसभा सीट से टिकट नहीं दिए जाने से उन्हें दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें उपचुनाव में टिकट नहीं दिया इसके बावजूद उन्होंने कोई शिकायत नहीं की, लेकिन इस बार यहां के लोग चाहते थे कि मैं गुरुदासपुर से चुनाव लड़ूं।”
कविता खन्ना ने कहा कि विनोद खन्ना के निधन के बाद बीजेपी ने जिस कैंडिडेट को उपचुनाव में उतारा वो लगभग दो लाख मतों से चुनाव हार गए थे। मैंने फिर भी काम करना नहीं छोड़ा। गुरदासपुर के लिए मैंने चुनाव लड़ने की तैयारी भी की, लेकिन जब किसी और को उम्मीदवार बनाया गया तो मुझे बताना भी मुनासिब नहीं समझा गया। मुझे पूरी तरह अंधेरे में रखा गया… मैं दुःखी हूं।
उन्होंने कहा कि मैं देश की सेवा करना चाहती हूं। मैं देशभक्तों के परिवार से आती हूं। मैं मोदी जी को 1999 से जानती हूं। जब वो पंजाब के प्रभारी थे। बीजेपी और प्रधानमंत्री को मेरा समर्थन है, लेकिन जो हुआ वो नहीं होना चाहिए।
