लाइव: भोपाल में कमलनाथ का मेगा रोड शो, कांग्रेस के दिग्गज दिखे एकजुट

लाइव: भोपाल में कमलनाथ का मेगा रोड शो, कांग्रेस के दिग्गज दिखे एकजुट

भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर न्युक्ति के बाद आज कमलनाथ का भोपाल में बड़ा रोड शो हो रहा है। इस अवसर पर कांग्रेस के सभी दिग्गज मौजूद हैं।

इससे पहले आज सुबह सवा 11 बजे कमलनाथ राजधानी भोपाल के राजा भोज अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पर पहुंचे थे। उनके साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया भी हैं। हवाई अड्डे पर कमलनाथ के प्रसंशकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा, दीपक बाबरिया, सुरेश पचोरी, कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह तथा नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बाला बच्चन, रामनिवास रावत, जीतू पटवारी, सुरेंद्र चौधरी सहित प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।

जानकारों की माने तो यह पहले अवसर है कि मध्य प्रदेश से जुड़े कांग्रेस के सभी दिग्गज एक रथ पर सवार दिख रहे हैं। इसके पीछे एक अहम कारण एआईसीसी महासचिव अशोक गहलोत ने आयोजन में पार्टी के सभी बड़े नेताओं को मौजूद रहने को कहा है।

कांग्रेस सूत्रों की माने तो कांग्रेस के प्रभारी महासचिव अशोक गहलोत ने सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह आदि से फोन पर अलग अलग बातचीत की थी।

भोपाल में आज चल रहे कमलनाथ के रोड शो से प्रदेश में कांग्रेस को नयी उर्जा मिलने की सम्भावना जताई जा रही है। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि रोडशो में एक साथ दिख रहे सभी कांग्रेसी दिग्गजों से पार्टी कार्यकर्ताओं में एकजुटता का सन्देश जायेगा।

15 किमी के इस रोड शो में दो रथ बनाये गए हैं। रोडशो के दौरान 100 से ज्यादा जगहों पर स्वागत का कार्यक्रम रखा गया है। रोडशो के बाद शाम 5 बजे पीसीसी के राजीव गांधी सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया है। इसमें कमलनाथ के अलावा कई अन्य कांग्रेसी दिग्गज मीडिया के समक्ष अपनी बात रखेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार कमलनाथ 2 मई सुबह 11.15 बजे भोपाल के लाल घाटी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन कर 12 बजे उज्जैन के लिए रवाना होंगे। उज्जैन महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद कांग्रेस नेता बटुकशंकर जोशी के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जाएंगे।

इसके बाद वहीं से वे दोपहर 2.30 बजे दतिया के लिए रवाना होंगे, वहां 3.30 बजे पीतांबरा पीठ के दर्शन करने के बाद शाम 5.45 पर भोपाल पहुंचेंगे और अगले दिन 3 मई को दोपहर 12 बजे छिंदवाड़ा के लिए रवाना होंगे। अगले दिन 4 मई को दोपहर 1 बजे छिंदवाड़ा से दिल्ली के लिये रवाना होंगे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital