मेवात काण्ड : डकैती लूटपाट नही बल्कि गौमांस की सजा!, सीबीआई जांच के आदेश

नई दिल्ली । मेवात के गाँव डगरहेड़ी में पिछले दिनों दो लड़कियों से सामूहिक बलात्कार और उनके मामा मामी के कत्ल की दुःसाहसिक वारदात कुख्यात बदमाशो द्वारा लूटपाट के इरादे से नही हुई बल्कि घटना के पीछे घर में गौमांस का रखा होना बताया जा रहा है । अब इस मामले के खुलासे के लिए सीबीआई जांच के आदेश दिए गए हैं ।

एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार जिन दो लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ उनमे से एक ने बताया कि घटना वाली रात बदमाशो ने मौके पर कहा कि ‘तुम लोग गाय खाते हो. हमने कहा कि नहीं हम गाय नहीं खाते. लेकिन वो बोले कि तुम गाय खाते हो इसलिये हम ये कर रहे हैं।’

पीड़ित परिवार के मुखिया ने जदयू सांसद अली अनवर से मुलाक़ात कर अपना दुःख रखा और कहा कि स्थानीय पुलिस हमारी मदद नही कर रही । उन्होंने कहा कि ‘मेरे बेटे और बहू को मार दिया, बेटी दामाद के साथ दो नवासों को बुरी तरह जख्मी किया है और मेरी दो नातिनों के साथ बलात्कार हुआ है, हमें इंसाफ चाहिये।”

वहीँ मेवात में गौमांस चैक करने के लिए बिरयानी बेचने वालो से सेम्पल इक्कठे किये जा रहे हैं । जिसके चलते यहाँ भय का माहौल है । मेवात के डगरहेड़ी गाँव में हुई दिल दहला देने वाली घटना के पीछे कौन लोग हैं इसके खुलासे के लिए सीबीआई जांच के आदेश दे दिए गए हैं लेकिन क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा ?

TeamDigital