“मुझे लोकसभा में बोलने नहीं देते, इसलिए सभाओ में बोलता हूं”: मोदी
अहमदाबाद । अहमदाबाद जिले के बनासकांठा में एक सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी के बाद संसद में चल रहे गतिरोध पर अपना दर्द बयां किया है । उन्होंने कहा कि उन्हें लोकसभा में बोलने नही दिया जाता इसलिए वे सभाओं में बोलते हैं। पीएम् मोदी यहाँ बनासकांठा जिले के दीसा में एक दूध सहकारी डेयरी प्लांट का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे ।
पीएम् मोदी ने नोटबंदी को लेकर संसद में चल रहे गतिरोध का जिक्र करते हुए कहा कि संसद में विपक्ष के हंगामे की वजह से कार्यवाही नहीं हो पा रही जिसकी वजह से राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी परेशान और दुखी हैं। मोदी ने कहा कि उन्हें लोकसभा में बोलने नहीं दिया जा रहा। इसलिए वह जनसभा में बोलते हैं। लेकिन जिस दिन मौका मिलेगा वह जरूर बोलेंगे।
उन्होंने कहा कि जैसे चुनाव के समय सभी पार्टियां लोगों को वोट डालना, ईवीएम का इस्तेमाल सिखाने का काम करती हैं वैसे ही अब सब दलों को मिलकर काम करना चाहिए। मोदी ने कहा कि विपक्ष चाहे तो उनका कितना भी विरोध करे लेकिन लोगों को बैंकिंग सिखाए, इलैक्ट्रोनिक सिस्टम सिखाए।
मोदी ने कहा कि अब कागज के नोटों का भी जमाना खत्म होने वाला है क्योंकि अब मोबाइल ही लोगों का बटुआ बन गया है। इससे पहले मोदी ने बताया कि वक्त-वक्त पर करेंसी में बदलाव होते रहते हैं जैसे पहले चांदी के पहिए जितने बड़े सिक्के चला करते थे।
मीडिया का जिक्र करते हुए मोदी बोले, ‘आप दिखाते हैं कि लोगों को परेशानी है दिखाते रहिए मुझे कोई शिकायत नहीं है लेकिन आप यह सिखाएं कि अब कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं है बैंक लोगों के मोबाइल पर है।’
बनासकांठा के किसानों करते हुए पीएम् मोदी ने कहा कि यहाँ के किसानों ने प्रगतिशील किसान के रूप में अपनी छवि छोड़ी। मोदी ने कहा कि आलू के कारोबार में बनासकांठा का रिकॉर्ड है जिसे कोई तोड़ नहीं पाया है। मोदी ने कहा कि आने वाले वक्त में बनासकांठा श्वेत क्रांति के साथ-साथ ‘स्वीट क्रांति’ भी करेगा।
मोदी ने कहा कि वहां के लोग आने वाले वक्त में चाहें तो शहद के कारोबार को और ज्यादा बढ़ा सकते हैं। मोदी ने यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि बनास डेयरी आने वाले वक्त में रेंडी (castor) से ज्यादा पैसा कमाने के बारे में सोचे।
उन्होंने कहा कि 8 तारीख से पहले बड़े नोटों की ही गिनती होती थी छोटे नोट की तरफ कोई देखता नहीं था लेकिन अब वक्त बदल गया है और अब बड़े नोट को कोई लेना नहीं चाहता। मोदी ने कहा कि छोटे नोटों की कीमत बढ़ाने के लिए उन्होंने नोटबंदी का ऐलान किया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी बोले कि उन्होंने 70 साल तक ईमानदारों को लूटा।
