मायावती ने अपने समर्थको से कहा ‘अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस को दें वोट’

मायावती ने अपने समर्थको से कहा ‘अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस को दें वोट’

नई दिल्ली। कभी सपा बसपा गठबंधन में कांग्रेस को शामिल किये जाने से दो टूंक मना करने वाली बसपा सुप्रीमो मायावती ने अब अपने समर्थको से कहा है कि वे कांग्रेस उम्मीदवार रायबरेली में सोनिया गांधी और अमेठी में राहुल गांधी के लिए वोट करें।

मायावती ने कहा कि हमने कांग्रेस से कोई समझौता नहीं किया है, लेकिन बीजेपी को हराने के लिए अमेठी और रायबरेली में बसपा का वोट कांग्रेस को मिलेगा। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी फूट डालो और राज करो की नीति अपना रहे हैं। सपा-बसपा गठबंधन में फूट डालने चाहते हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण में कल उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों के लिए भी मतदान होना है। इनमे अमेठी और रायबरेली भी शामिल हैं। रायबरेली और अमेठी सीट पर सपा बसपा गठबंधन ने अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं किया है।

बीजेपी में जाने के आरोप निराधार:

बसपा सुप्रीमो ने चुनाव बाद बीजेपी में जाने के कयासों को निराधार बताते हुए कहा कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां एक जैसी हैं। सपा-बसपा गठबंधन सिर्फ वर्तमान के लिए नहीं, बल्कि भविष्य के लिए भी है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व इसके सामने लाचार नजर आ रहा है इसलिए दोनों पार्टियों को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। मायावती ने कहा, ‘चार चरणों के चुनाव में जनता ने गठबंधन का समर्थन किया है, जिससे बीजेपी परेशान है।’

मायावती ने कहा, ‘ये गठबंधन सिर्फ केंद्र में नया प्रधानमंत्री व नई सरकार बनाने के लिए नहीं है, बल्कि यूपी में भी बीजेपी की सरकार को हटाने के लिए भी है।’ उन्होंने कहा कि 23 मई को देश को निरंकुश व अहंकारी शासन से मुक्ति मिल जाएगी।

TeamDigital