महाराष्ट्र में बच्चा चोरी की अफवाह पर भीड़ ने 5 लोगों को पीटा, पांचो की मौत

महाराष्ट्र में बच्चा चोरी की अफवाह पर भीड़ ने 5 लोगों को पीटा, पांचो की मौत

धुलिया। महाराष्ट्र के धुलिया जिले में बच्चा चोरी की अफवाह पर भीड़ ने पांच लोगों को पकड़कर बंधक बना लिया और उन्हें एक कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। इस घटना में सभी पांच व्यक्तियों की मौत की खबर है। इस मामले में पुलिस ने पंद्रह लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार मामला धुलिया के आदिवासी इलाके का है। जहाँ कुछ अपरिचित लोगों को देखकर बच्चा चोरी करने की अफवाह फैली और बाद में गाँव के लोग जमा होगये। उन्होंने पांचो लोगों को वहीँ घेर कर लाठी डंडो और पाइप से पीटना शुरू कर दिया।

बहुत देर तक मारपीट करने के बाद लहूलुहान लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद भी भीड़ शांत नहीं हुई और पांचो लोगों को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। जिसमे सभी पांचो व्यक्तियों की मौत हो गयी।

पुलिस के अनुसार मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही है। समझा जाता है कि ये पांचो लोग कहीं आसपास के जिले से भ्रमण पर निकले थे। जिस इलाके में भीड़ ने इन लोगों पर हमला किया, वहां पहले से बच्चा चोरो के घूमने की अफवाह फैली हुई थी।

अजनबी लोगों को देखकर किसी व्यक्ति ने उन पर बच्चा चोर होने का शक ज़ाहिर किया। इसके बाद इलाके में अफवाह फैली कि बच्चा चोरो के एक गैंग को पकड़ लिया है। अफवाह के बाद भीड़ जमा होना शुरू हो गयी और भीड़ ने पांचो लोगों पर हमला बोल दिया।

बता दें कि इस तरह की एक घटना हाल ही में असम के कार्बी आंगलॉन्ग जिले में हुई थी। जहाँ भ्रमण पर आये दो लोगों को भीड़ ने बच्चा चोर होने के शक में जमकर बेरहमी से पीटा था। इस घटना में दोनों युवको की मौत हो गयी थी।

गौरतलब है कि अफवाहों के कारण कई ऐसी घटनाएं घटी हैं जिनका बाद में सच्चाई से दूर दूर तक कोई संबंध नहीं निकला। कुछ महीनो पहले तक देश के कई राज्यो में चोटी काटे जाने की अफवाह भी फैली थी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital