मणिशंकर अय्यर बोले “गांधी परिवार से बाहर का हो सकता है कांग्रेस अध्यक्ष, लेकिन….”
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी के अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा देने पर अड़े हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यसमिति के नेताओं से एक महीने में अपना विकल्प तलाश करने के लिए कहा था।
हालाँकि राहुल गांधी अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे या उनकी जगह पार्टी की कमान कोई और संभालेगा, इस बात को लेकर संशय बरकरार है। इस बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति भी कांग्रेस अध्यक्ष हो सकता है।
हालाँकि मणिशंकर अय्यर ने यह भी कहा कि गांधी परिवार का कांग्रेस में एक्टिव रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी स्वयं ही अध्यक्ष बने रहें तो यह सबसे बेहतर होगा।
उन्होंने कहा कि बीजेपी का उद्देश्य गांधी-मुक्त कांग्रेस है इसलिए बीजेपी ने कांग्रेस मुक्त भारत का नारा दिया था। यदि गांधी मुक्त कांग्रेस हुई तो बीजेपी के जाल में फंसने जैसा है। इसलिए गांधी परिवार को कांग्रेस में एक्टिव रहना ही होगा।
अय्यर ने कहा कि कांग्रेस को एकजुट रखने और मजबूत बनाये रखने के लिए ज़रूरी है कि कांग्रेस परिवार के सदस्य कांग्रेस में अपनी एक्टिव भूमिका निभाएं। अय्यर ने यह भी कहा कि राहुल की अपनी इच्छाओं का भी सम्मान किया जाना चाहिए।
मणिशंकर अय्यर ने कहा कि कांग्रेस का आम कार्यकर्त्ता आज भी राहुल गांधी के अध्यक्ष बने रहने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि यदि गैर गांधी कोई पार्टी का अध्यक्ष बनता है तब भी गांधी परिवार के सदस्यों को पार्टी में एक्टिव रहना होगा।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की करारी हार के बाद कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा देने की पेशकश की थी। कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी कांग्रेस के सीनियर नेताओं से खिन्न नज़र आये।
उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बेटो को टिकिट दिए जाने पर भी सवाल उठाये थे।
राहुल गांधी ने अपने इस्तीफे को लेकर साफतौर पर कहा कि पार्टी के नेता एक महीने के अंदर उनका विकल्प तलाश लें। उसके बाद से राहुल गांधी अपने इस्तीफे को लेकर अड़े हैं।
हालाँकि इस दौरान राहुल गांधी को मनाने की भरपूर कोशिश भी हुई लेकिन हाल ही में राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में एक बार फिर अपने इस्तीफे की बात कही। राहुल गांधी ने पार्टी के नए अध्यक्ष के सवाल पर कहा कि अपना उत्तराधिकारी वे खुद तय नहीं करेंगे बल्कि पार्टी तय करेगी।
