बुलंदशहर हिंसा का मुख्य आरोपी बजरंगदल नेता गिरफ्तार

मेरठ ब्यूरो। बुलंदशहर में पिछले वर्ष 3 दिसंबर को हुई हिंसा का मुख्य आरोपी बजरंगदल नेता योगेश राज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुलंदशहर के स्याना में हुई हिंसा के लिए पुलिस ने योगेश राज की भूमिका को अहम मानते हुए उसे मुख्य आरोपी बनाया था। योगेश राज बजरंगदल का जिला संयोजक है।
तीन दिसंबर को एक खेत में मांस के टुकड़े मिलने के बाद बुलंदशहर के स्याना इलाके में भड़की हिंसा में स्याना थाना प्रभारी सुबोध कुमार सिंह तथा एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गयी थी। पुलिस ने योगेश को बीती रात गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि योगेश राज की गिरफ्तारी नेताओं की सहयोग के बाद हुई है।
पिछले 30 दिनों से फरार चल रहे योगेश राज की गिरफ्तारी बुलंदशहर के खुर्जा से हुई है। अब पुलिस को बजरंग दल के नेताओं ने ही सौंपा है। पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश करेगी। उस पर हिंसा भड़काने का आरोप है और पुलिस ने उसे ही मुख्य आरोपी बनाया है। योगेश राज ने ही गो हत्या मामले में झूठी एफआईआर दर्ज करवाई थी।
वहीं हिंसा के 25 दिन बाद इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह के हत्यारे प्रशांत नट को गिरफ्तार किया गया था. इंस्पेक्टर पर गोली चलाने का आरोप नट पर ही है। वहीं, रिवॉल्वर चुराने वाले की भी पहचान हो गई है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक़ जॉनी नाम के शख़्स ने इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की रिवॉल्वर चुराई थी, वहीं, प्रशांत नट ने उन्हें गोली मारी थी. पुलिस को हाथ लगे दो वीडियो में ये दोनों शख्स साथ दिख रहा है।