बाल तस्करी मामले में बीजेपी सांसद रूपा गांगुली को नोटिस
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कथित बाल तस्करी मामला उजागर होने के बाद पकड़ी गयी बिमला शिशु गृह एनजीओ की अध्यक्ष चंदना चक्रवर्ती और बीजेपी महिला मोर्चा की नेता जूही चौधरी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले की जांच में जुटी पश्चिम बंगाल की सीआईडी ने बीजेपी सांसद रूपा गांगुली को नोटिस जारी किया है। इस मामले में बीजेपी के महासचिव और पश्चिम बंगाल के बीजेपी प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय का नाम भी सामने आया था।
बच्चो की तस्करी मामले का खुलासा तब हुआ जब बिमला शिशु गृह एनजीओ की अध्यक्ष चंदना चक्रवर्ती को बच्चों को गोद लेने के बहाने उन्हें बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बीजेपी की महिला मोर्चा की नेता जूही चौधरी को राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करके सरकारी फंडिंग और लाइसेंस दिलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
सीआईडी अधिकारीयों के अनुसार बाल तस्करी के मामले में बीजेपी नेताओं की संलिप्तता की गहराई से जांच की जा रही है। सीआईडी अधिकारियों का दावा है कि उनके पास सबूत है कि जो बताते हैं कि जूही चौधरी ने सेंट्रल कोलकाता में रूपा गांगुली से मुलाकात की थी। वह यह भी मानते हैं कि जूही की पहुंच पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक थी।
फिलहाल बीजेपी इस मामले में खुद को पाक दामन बताकर राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर बदले की भावना से कार्रवाही करने का आरोप लगा रही है। वहीँ इस मामले सीआईडी अधिकारी जल्दी ही बीजेपी सांसद रूपा गांगुली से पूछताछ कर सकते हैं।
