प्रियंका ने काशी में दिखाया दम, भारी भीड़ के बीच 4 घंटे किया रोड शो

वाराणसी। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण माने जानी वाली वाराणसी लोकसभा सीट पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने करीब 4 घंटे का रोड शो करके पार्टी का दमखम दिखाया।
वाराणसी में लंका स्थित महामना मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुए रोड शो के दौरान उन्होंने अस्सी, सोनारपुरा, मदनपुरा और गोदौलिया से ज्ञानवापी तक कई बार लोगों से सीधे जुड़ने की कोशिश की। इसके लिए सुरक्षा प्रतिबंधों को परे रखते हुए वह कुछ जगहों पर ट्रक से नीचे भी उतरीं। रास्ते में लोगों ने प्रियंका का जबरदस्त स्वागत किया। लगभग तीन घंटे में उन्होंने लंका से ज्ञानवापी तक की दूरी तय की।
प्रियंका गांधी करीब दो घंटे विलंब से शाम 6.20 बजे लंका पहुंचीं। 6.22 बजे महामना मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद 6.25 बजे रोड शो शुरू किया। लंका क्षेत्र में काफी भीड़ लग गयी थी। तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रियंका को मालवीय प्रतिमा से लोगों को संबोधित करना था, पर विलंब के कारण अंतिम समय में यह कार्यक्रम बदल दिया गया।
रोस शो में प्रियंका गांधी के साथ वाराणसी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक, वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ल, सांसद सावित्रीबाई फुले भी थीं। प्रियंका सड़क के दोनों किनारों पर खड़े लोगों का अभिवादन कर रही थीं। दोनों ओर से लोगों ने उनपर फूल बरसाए।
प्रियंका गांधी की एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनो तरफ भारी तादाद में लोग जमा था। इस दौरान एक प्रशंसक ने प्रियंका गांधी को रुद्राक्ष की माला भी दी, जिसे उन्होंने तुरंत गले में डाल लिया।
लंका पर एक जगह अचानक प्रियंका गांधी ट्रक से उतर गयीं। वहां कुछ महिलाएं उनसे हाथ मिलाने की कोशिश कर रही थीं। ट्रक के ऊपर से यह संभव नहीं था तो उन्होंने ट्रक रोकवा दी और नीचे उतरकर महिलाओं के बीच पहुंच गयीं।