पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नाडीज का निधन

पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नाडीज का निधन

नई दिल्ली। पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नाडीज का निधन हो गया है। वे 88 वर्ष के थे। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से वह स्वाइन फ्लू से पीड़ित थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

जॉर्ज फर्नांडीज का जन्म 3 जून 1930 को मंगलुरु में कैथोलिक परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम जॉन जोसेफ फर्नांडीज था और उनकी माता का नाम एलिस मार्था फर्नांडीस था। उनकी मां किंग जॉर्ज फिफ्थ की बड़ी प्रशंसक थीं। उन्हीं के नाम पर अपने छह बच्चों में से सबसे बड़े का नाम उन्होंने जॉर्ज रखा था।

जॉर्ज फर्नांडिस 10 भाषाओं के जानकार थे। वह हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, मराठी, कन्नड़, उर्दू, मलयाली, तुलु, कोंकणी और लैटिन भाषा जानते थे। राजनीति में उनकी पहचान एक ईंमानदार नेता के तौर पर बनी थी।

वे अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में रक्षा मंत्री थे। केंद्र में जब मोरारजी देसाई की अगुवाई में जनता पार्टी की सरकार बनी तो उन्हें उद्योग मंत्री बनाया गया।बाद में जनता पार्टी टूटी, फर्नांडिस ने अपनी पार्टी समता पार्टी बनाई। वीपी सिंह की सरकार में वह रेल मंत्री भी रहे।

अपने राजनैतिक करियर में फर्नाडीज नौ बार लोकसभा के सांसद रहे तथा संसद की कई कमेटियों का हिस्सा रहे। उन्होंने एनडीए के संयोजक के रूप में भी अहम भूमिका निभाई। जॉर्ज फर्नाडीज पाकिस्तान के साथ हुए कारगिल युद्ध के समय देश के रक्षा मंत्री थे। फर्नांडीज के रक्षा मंत्री रहते हुए पोखरन परमाणु परीक्षण हुआ था।

TeamDigital