पीएम बोले ‘कुछ लोगों को सर्वोच्च अदालत भी लगने लगी है झूठी’, कांग्रेस ने दिया ये जबाव

पीएम बोले ‘कुछ लोगों को सर्वोच्च अदालत भी लगने लगी है झूठी’, कांग्रेस ने दिया ये जबाव

रायबरेली / नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रायबरेली में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि कुछ लोगों के लिए देश का रक्षा मंत्रालय भी झूठा है, देश की रक्षा मंत्री भी झूठी हैं, भारतीय वायुसेना के अफसर भी झूठे हैं।अब तो उन्हें देश की सर्वोच्च अदालत भी झूठी लगने लगी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को रायबरेली में कोच फ़ैक्टरी में उत्पादित 900वें रेल डिब्बे और हमसफर रेल को हरी झंडी दिखा कर देश को समर्पित की। इस दौरान आयोजित जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि रायबरेली की ये फैक्ट्री 2007 में स्वीकृत हुई थी। 2010 में ये फैक्ट्री बनकर तैयार भी हो गई। लेकिन उसके बाद 4 साल तक इस फैक्ट्री में कपूरथला से डिब्बे लेकर उनमें पेंच कसने और पेंट करने का काम हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि जो फैक्ट्री नए डिब्बे बनाने के लिए थी, उसे पूरी क्षमता से कभी काम ही नहीं करने दिया गया। जब पहले की सरकार ने यहां पर रेल कोच फैक्ट्री का निर्माण तय किया था, तो ये तय हुआ था कि 5000 कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। लेकिन स्वीकृति इसके आधे पदों को ही दी गई।

उन्होंने कहा कि 2014 में हमने ये भी देखा कि यहां की कोच फैक्ट्री में एक भी नई नियुक्ति नहीं हुई थी। अब आज की स्थिति ये है कि लगभग 2 हजार नए कर्मचारियों को हमारी सरकार ने नियुक्त किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज मुझे ये कहते हुए गौरव का एहसास हो रहा है कि आने वाले समय में रायबरेली, रेल कोच निर्माण के मामले में एक ग्लोबल हब बनने वाला है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस ‘भारत माता की जय’ के नारे पर आपको गौरव होता है कुछ लोगों को इससे शर्मिंदा होता देखा गया है। ये किस तरह के लोग है जिन्हें भारत माता के जयघोष से दिक्कत है। मोदी को उन्हें गाली देनी है, मैं जानता हूं। मोदी पर वो किसी भी तरह एक दाग लगा देना चाहते हैं, ये भी जानता हूं। लेकिन जानना चाहता हूं कि इसके लिए देश को ताक पर क्यों रख दिया गया है?

पीएम मोदी ने सवाल किया कि क्यों देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि करगिल युद्ध के बाद हमारी वायुसेना ने आधुनिक विमानों की जरूरत बताई थी। अटल जी की सरकार के बाद कांग्रेस ने 10 साल देश पर राज किया, लेकिन वायुसेना को मजबूत नहीं होने दिया। आखिर क्यों?

कांग्रेस ने दिया ये जबाव:

पीएम मोदी के भाषण पर कांग्रेस ने तुरंत पलटवार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज रायबरेली में कांग्रेस पर किये गए हमले पर पलटवार करते हुए कांग्रेस सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि “जिस तरह पीएम गुमराह करते हैं मेरे दिमाग में एक नया नाम इनके लिए आया है। इनका नाम मिस्टर गुमराह है।”

तिवारी ने कहा कि “ये सुप्रीम कोर्ट को गुमराह करते हैं, देश को गुमराह करते हैं, किसान को गुमराह करते हैं, नौजवान को गुमराह करते हैं, गुमराही के अलावा देश को मोदी जी से कुछ नहीं मिला।”

प्रमोद तिवारी ने कहा कि “कोच फैक्ट्री की स्थापना तो सोनिया जी ने की थी, जिस सड़क का उद्घाटन किया, वह भी यूपीए और सोनिया जी की देन है। कब तक उधार के सिंदूर से काम चलाएंगे। अपने कार्यों का उद्धाटन कब करेंगे।”

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और आनंद शर्मा ने राफेल मामले में मोदी सरकार पर कोर्ट को गुमराह करने और कोर्ट से झूठ बोलने का आरोप लगाया।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनन्द शर्मा ने कहा, “सुप्रीम कोर्ट राफेल मामले की जांच का सही फोरम नहीं है। जेपीसी ही न्याय कर सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को गुमराह किया है। सुप्रीम कोर्ट को अपना निर्णय वापस लेकर सरकार को कोर्ट के अपमान पर नोटिस देने चाहिए। सीएजी और पीएसी के बारे में गलत जानकारी दी। सीएजी की कोई रिपोर्ट नहीं आई और पीएसी को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।”

TeamDigital