पाकिस्तान मीडिया का दावा: कश्मीर मुद्दे पर अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट जाएगी पाक सरकार 

पाकिस्तान मीडिया का दावा: कश्मीर मुद्दे पर अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट जाएगी पाक सरकार 

नई दिल्ली। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान की सरकार अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट जाएगी। पाकिस्तान के प्रमुख समाचार पत्र द डॉन के मुताबिक पाकिस्तान सरकार ने आज कहा कि वह कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के भारत सरकार के फैसले के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाएगी।

खबर के मुताबिक पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि कश्मीर मामले में सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद सरकार  ने इस मामले को अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट में उठाने का फैसला लिया है।

खबर में कहा गया है कि पाक प्रधानमंत्री इमरान खान के विशेष सहायक फिरदौस आशिक जवान ने मीडिया से इस बात की पुष्टि की है कि कश्मीर मामले को अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट में ले जाने के लिए केबिनेट में विशेष तौर पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि  कश्मीर में मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला विशेष तौर पर अंतराष्ट्रीय कोर्ट में उठाया जाएगा। इतना ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट में यह मामला उठाने की सभी तैयारियां की जा रही हैं।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान लगातार इस पर विरोध जता रहा है। पाकिस्तान का कहना है कि कश्मीर में मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है।

TeamDigital