दिन प्रतिदिन बढ़ रहा जदयू-बीजेपी के बीच टकराव, अब नीतीश और गिरिराज में ठनी

दिन प्रतिदिन बढ़ रहा जदयू-बीजेपी के बीच टकराव, अब नीतीश और गिरिराज में ठनी

पटना। जनता दल यूनाइटेड द्वारा आयोजित की गयी इफ़्तार पार्टी को लेकर बीजेपी और जदयू के बीच शुरू हुई बयानबाज़ी से दोनों दलों के बीच टकराव पैदा हो गया है। इस मामले में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को हस्तक्षेप करना पड़ा है।

इससे पहले बेगूसराय से बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जदयू की इफ़्तार पार्टी का फोटो शेयर कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा था।

गिरिराज सिंह ने इन तस्वीरों के साथ लिखा था-कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पर फलाहार का आयोजन करते और सुंदर-सुंदर तस्वीरें आतीं? अपने कर्म-धर्म में हम पिछड़ क्यों जाते हैं और दिखावा में आगे रहते हैं?

गिरिराज सिंह के तंज पर जदयू ने पलटवार किया। जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि गिरिराज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वो बात भूल गए जो प्रधानमंत्री ने संसद भवन में कही थी कि सभी धर्मों को साथ लेकर चलना है।

त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी दुनिया की सबसे बड़ी मस्जिद जो आबूधावी में स्थित है, वहां के शेख जायद और इमाम के साथ बड़ी मोहब्ब्त के साथ पूरी मस्जिद का निरिक्षण किया था। जो उनके विश्वास जीतने की परंपरा का हिस्सा है। अब चुनाव का वक्त नहीं है, हां सुर्खियां बटोरने का वक्त जरूर है।

वहीँ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी गिरिराज सिंह को आड़े हाथो लेते हुए कहा कि कुछ लोगों का काम ही मीडिया की सुर्खियां बनना है। मैं अपने कार्यक्रम में जरूर जाऊंगा।

मामले को बढ़ता देख बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने इस मामले में दखल देते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को नसीहत करते हुए संयम बरतने की सलाह दी है।

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में बीजेपी द्वारा जनता दल यूनाइटेड को एक मंत्रिपद ऑफर किये जाने के बाद जदयू ने एलान किया है कि वह भविष्य में भी मोदी सरकार में शामिल नहीं होगा।

TeamDigital