गुजरात: महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर गांधी संदेश यात्रा निकालेगी कांग्रेस

गुजरात: महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर गांधी संदेश यात्रा निकालेगी कांग्रेस

अहमदाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजित करने जा रही है। गुजरात में कांग्रेस ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर गांधी संदेश यात्रा निकालने का एलान किया है।

गांधी संदेश यात्रा में गुजरात प्रदेश कांग्रेस के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के अलावा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी भी शामिल होंगे। बापू की 150वीं जयंती पर गुजरात कांग्रेस द्वारा किये जा रहे आयोजनों की जानकारी देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन मोडवाडिया ने कहा कि इस 400 किलोमीटर की पोरबंदर-साबरमती यात्रा के दौरान कई गांवों और शहरों में बैठकों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी के संदेशों का प्रसार करने के लिए गुजरात कांग्रेस ने दो जगहों से साबरमती तक एक मार्च निकालने का फैसला लिया है। इनमें से एक गांधीजी का जन्मस्थान पोरबंदर है और दूसरी जगह है डांडी जो ‘नमक सत्याग्रह’ के लिए मशहूर है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक गांधी संदेश यात्राओं के माध्यम से महात्मा गांधी के सिद्धांतो सत्य, अहिंसा और भाईचारे के संदेश को प्रमुखता से जनता के समक्ष रखा जाएगा, साथ ही संदेश यात्रा के दौरान बैठकों और सभाओं में जनता के समक्ष देश के वर्तमान हालातो को रखा जाएगा।

इस मार्च की शुरुआत 27 सितम्बर से होगी और इसका समापन 2 अक्टूबर को साबरमती आश्रम में होगा। इतना ही नहीं पार्टी ने महात्मा गांधी के बयान के साथ एक पोस्टर जारी किया है, ‘किसी को आंतरिक सफाई के लिए उसी नियम से काम करना चाहिए, जो बाहरी स्वच्छता के लिए किया जाता है।’

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital