कर्नाटक: बहुमत साबित करने की तैयारी में जुटी कांग्रेस, कमलनाथ भी जायेंगे बेंगलुरु

नई दिल्ली। कर्नाटक में तेजी से बदल रहे राजनैतिक घटनाक्रम की ताजा जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अपने अधिकांश बागी विधायकों को मनाने के करीब है। सोमवार से पहले अधिकांश बागी विधायकों के पार्टी में वापसी की संभावनाएं बनती दिखाई दे रही हैं।
इससे पहले आज बागी विधायक एटीबी नागराज पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे। इस मुलाकात में कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमार स्वामी के अलावा कुछ कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।
बैठक के बाद कांग्रेस नेता डी के शिवकुमार ने मीडिया को बताया कि एटीबी नागराज हमारे साथ रहेंगे। एटीबी नागराज कांग्रेस के बागी विधायकों में से एक हैं और माना जा रहा है कि बागी विधायकों में कम से कम पांच विधायक एटीबी नागराज के करीबी हैं।
वहीँ दूसरी तरफ कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन के पांच और बागी विधायकों ने उनके इस्तीफे स्वीकार करने से विधानसभा अध्यक्ष के इनकार के खिलाफ शनिवार को उच्चतम न्यायालय का रुख किया। ये पांच विधायक आनंद सिंह, के. सुधाकर, एन. नागराज, मुनिरत्न और रोशन बेग हैं।
कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विश्वासमत हासिल करने की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कांग्रेस महासचिव के वेणुगोपाल, गुलामनबी आज़ाद, मल्लिकार्जुन खड़के बेंगलुरु में ही डेरा डाले हुए हैं। वहीँ पार्टी आलाकमान ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ से भी बेंगलुरु पहुँचने के लिए कहा है।
पार्टी सूत्रों की माने तो अब स्थति खतरे से बाहर है और जल्द ही अधिकतर बागी विधायक पार्टी में वापस आ जायेंगे। सूत्रों ने कहा कि बागी विधायकों की पार्टी में वापसी के बाद विधानसभा में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का गिरना तय हो जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक आधे से अधिक बागी विधायक एक बार फिर कांग्रेस के सम्पर्क में आ गए हैं। इससे पहले इन विधायकों से किसी का सम्पर्क नहीं हो पा रहा था। यहाँ तक कि कांग्रेस नेता डी के शिवकुमार बागी विधायकों से मिलने मुंबई के उस होटल पहुंचे थे जिसमे बागी विधायक रुके हुए थे। लेकिन शिवकुमार को बागी विधायकों से मिले बिना ही मुंबई से बेंगलुरु वापस आना पड़ा था।
फिलहाल जो जानकारियां सामने आ रही हैं। उनसे लगता है कि बागी विधायकों के मामले में कांग्रेस ने स्थति संभाल ली है। तेजी से बदल रहे घटना क्रम में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बैठकों का दौर जारी है।
इस बीच अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि हमें अविश्वास प्रस्ताव से आपत्ति नहीं है। हम सोमवार तक का इंतजार करेंगे। सोमवार को हम अविश्वास प्रस्ताव का सामने करने को तैयार हैं।
वहीँ राज्य की कांग्रेस जेडीएस गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री एच डी कुमार स्वामी पहले ही एलान कर चुके हैं कि वे विधानसभा में बहुमत साबित करने को तैयार हैं। कर्नाटक की राजनीति के लिए आने वाले दो दिनों को बेहद अहम माना जा रहा है।