एक्शन में राहुल: मोहन मरकाम को सौंपी छत्तीसगढ़ की कमान

एक्शन में राहुल: मोहन मरकाम को सौंपी छत्तीसगढ़ की कमान

नई दिल्ली। जहाँ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने पद से इस्तीफा देने पर अड़े हैं वहीँ दूसरी तरफ वे संगठन को चुस्त दरुस्त बनाने के लिए नई नयुक्तियाँ भी कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोंडागांव के विधायक मोहन मरकाम को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भूपेश बघेल राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष थे। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद भूपेश बघेल राज्य के मुख्यमंत्री बनने के बावजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बने रहे। इसलिए राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की पहले से उम्मीद जताई जा रही थी।

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बम्पर सफलता हासिल हुई थी। वहीँ लोकसभा चुनाव में पार्टी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी और उसे 11 लोकसभा सीटों में से सिर्फ दो सीटों पर ही जीत हासिल हुई।

वहीँ दूसरी तरफ कांग्रेस में पार्टी नेताओं द्वारा इस्तीफा देने का दौर जारी है। कांग्रेस के कानून व आरटीआई सेल के चेयरमैन विवेक तन्खा के इस्तीफा देने के कुछ ही देर बाद, दिल्ली, मध्य प्रदेश और हरियाणा के दूसरे नेताओं ने भी अपने पदों के इस्तीफे दे दिए।

तन्खा और लिलोठिया के अलावा, हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रमुख सुमित्रा चौहान, मेघालय से पार्टी महासचिव नेट्टा पी. संगमा, सचिव वीरेंद्र राठौर, छत्तीसगढ़ के सचिव अनिल चौधरी, मध्य प्रदेश के सचिव सुधीर चौधरी और हरियाणा के सचिव सत्यवीर यादव, मध्यप्रदेश के कांग्रेस महासचिव इंचार्ज दीपक बावरिया ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

इतना ही नहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी भंग कर दी गई है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने सभी 280 ब्लॉक को भंग कर दिया है। इसके अलावा तेलंगाना में भी प्रदेश कमेटी भंग की गई है ।

माना जा रहा है कि पार्टी नेताओं के इस्तीफे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के उस बयान के बाद आने शुरू हुए हैं जिसमे उन्होंने यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों से संवाद के दौरान कहा था कि उनके पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश के बाद भी पार्टी के कुछ नेताओं को अपनी जबावदेही का अहसास नहीं हुआ है।

 

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital