उत्तर प्रदेश में एक सप्ताह तक राम धुन पर प्रभात फेरी निकालेगी कांग्रेस

नई दिल्ली। दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस उत्तर प्रदेश में रामधुन के साथ प्रभात फेरियों का आयोजन करने जा रही हैं। ये प्रभात फेरियां प्रदेशभर में एक सप्ताह तक निकाली जाएंगी।
इतना ही नहीं इन प्रभात फेरियों में कांग्रेस कार्यकर्त्ता हाथो में तख्तियां लेकर शामिल होंगे। इन तख्तियों पर लिखा होगा कि ‘हम बापू के 150 वे जयंती वर्ष पर संकल्प लेते हैं कि हम उनकी सत्य और अहिंसा की विचारधारा की हत्या नहीं होने देंगे।’
ये प्रभात फेरियां उत्तर प्रदेश के हर जिले और शहर में 25 सितंबर से 02 अक्टूबर तक निकाली जायेगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सभी जिला एवं महानगर अध्यक्षों को भेजे गए पत्र निर्देश दिए गए हैं कि 02 अक्टूबर के दिन जिला मुख्यालयों पर महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्त्ता एकत्रित होंगे।
इतना ही नहीं महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कांग्रेस कार्यकर्त्ता शपथ लेंगे कि ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के शुभ अवसर पर हम शपथ लेते हैं कि प्रतिकूल परिस्थतियों में भी बापू के बताये हुए सत्य, अहिंसा और सहअस्तित्व के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता, सहिष्णुता और सौहार्द को बनाये रखेंगे।’
माना जा रहा है कि बीजेपी के हार्डकोर हिंदुत्व के जबाव में कांग्रेस के सॉफ्टकोर हिंदुत्व को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एक सप्ताह तक रामधुन पर प्रभात फेरियों का आयोजन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पिछले काफी समय से संजीवनी की तलाश में है। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद एक बार फिर कांग्रेस अपने पुराने गांधीवादी पैटर्न पर वापस हो रही है।