अहिंसा समाज पार्टी कल भोपाल में सद्भावना रैली कर फूंकेगी चुनावी बिगुल
भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावो के मद्देनज़र जहाँ कांग्रेस बीजेपी अभी प्रत्याशियों के बायोडेटा टटोल रहे हैं वहीँ अहिंसा समाज पार्टी दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती और अहिंसा समाज पार्टी के स्थापना दिवस पर सद्भावना रैली कर चुनावी बिगुल फूंकेगी।
अहिंसा समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष क्यू एम नवेद ने बताया कि 02 अक्टूबर का दिन अहिंसा समाज पार्टी के लिए अहम हैं क्यों कि इस दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म दिवस मनाया जाता है और इसी दिन अहिंसा समाज पार्टी का स्थापना दिवस भी है।
उन्होंने कहा कि अहिंसा समाज पार्टी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और डा भीमराव अंबेडकर के मूल सिद्धांतो को लेकर आगे बढ़ रही है। हमारा नारा सत्य, अहिंसा और भाईचारा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम दो अक्टूबर के अहम दिन भोपाल में सद्भावना रैली का आयोजन कर रहे हैं। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश तांत्रिक सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के अलावा कई जिलों के कार्यकर्त्ता भाग लेंगे ।
क्यू एम नवेद ने कहा कि सद्भावना रैली का मकसद देश और प्रदेश के लोगों को सत्य, अहिंसा और भाईचारे का सन्देश देना है। विधानसभा चुनावो की तैयारियों के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनावो की तैयारियां जोरो पर चल रही हैं और कई विधानसभाओं के उम्मीदवार तय कर लिए गए हैं। जिनकी जल्दी ही घोषणा की जाएगी।
सद्भावना रैली के बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष क्यू एम नवेद ने कहा कि सद्भावना रैली प्रातः 11 बजे होटल भानवी, आशिमा मॉल के पीछे से शुरू होकर प्रदेश कार्यालय (कैपिटल पेट्रोल पंप के पास ) संपन्न होगी।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में इस वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में अहम बात यह है कि अहिंसा समाज पार्टी भी अपने उम्मीदवार खड़े कर रही है।
