अमित शाह की रथ यात्रा को चुनौती देगी कांग्रेस-सीपीएम की पदयात्रा
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह द्वारा शुरू की जा रही रथ यात्रा को चुनौती देने के लिए कांग्रेस और सीपीएम पद यात्रा करेंगे। गौरतलब है कि 2019 के आमचुनाव की तैयारियों के तहत बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पश्चिम बंगाल में रथ यात्रा का आयोजन करने जा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में अपनी पैंठ बनाने की कोशिश में बीजेपी एड़ी चोटी का बल लगा रही है। हालाँकि तृणमूल कांग्रेस ने अमित शाह की प्रस्तावित रथ यात्रा को कोई भाव न देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता मजबूती से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ खड़ी है।
वहीँ कांग्रेस और सीपीएम ने अमित शाह की रथ यात्रा को चुनौती देने का मन बनाते हुए राज्य में बड़े स्तर पर संयुक्त पदयात्रा आयोजित करने का मन बनाया है। यह पदयात्रा दिसंबर के आखिरी सप्ताह में शुरू किये जाने की सम्भावना है।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने कहा कि जन संपर्क यात्रा का मकसद लोगों को पार्टी के कामों से अवगत कराना और नरेंद्र मोदी सरकार के भ्रष्टाचार,सांप्रदायिक राजनीति व कुशासन के बारे में बताना है।
मित्रा ने कहा, ‘राज्य के प्रत्येक जिले, ब्लॉक और बूथ तक हमारे पार्टी कार्यकर्ता लोगों तक जाएंगे। हम उन्हें अवगत कराएंगें. हम पार्टी के लिए प्रत्येक घर से दो से पांच रूपए का चंदा भी इकट्ठा करेंगे. इन कार्यक्रमों से हम अपनी पार्टी को मजबूत करेंगे।’
सीपीएम के पोलित ब्यूरो के सदस्य और किसान सभा के महासचिव हन्नान मोल्लाह ने बताया कि उनकी पार्टी किसानों से जुड़े मुद्दों के अलावा बीजेपी की विभाजनकारी नीतियों के बारे में लोगों को बताएगी।
वहीँ ऐसी भी संभावनाएं बन रही हैं कि अंतिम समय पर राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस भी अमित शाह की पदयात्रा को चुनौती देने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कुछ बड़ी सभाओं के आयोजन करे लेकिन फ़िलहाल तृणमूल कांग्रेस खुद को अमित शाह की पदयात्रा से बेपरवाह बता रही है।
