अपनी ही पार्टी की सरकार को घेर रहे ये दो सिन्हा
नई दिल्ली। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा अब पूरी तरह बगावत करने के मूड में दिखाई दे रहे हैं। वहीँ उनका साथ दे रहे हैं पूर्व फिल्म अभिनेता और बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा।
महाराष्ट्र के अकोला में किसानो के समर्थन में बीजेपी सरकार के खिलाफ धरना देने वाले बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा ने अब किसानो की समस्याओं के मुद्दे पर मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार को घेरा है।
मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में किसानों की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा का साथ देने पहुंचे बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने इशारो इशारो में पीएम मोदी से लेकर पार्टी तक हर तरफ हमला बोला।
विरोध प्रदर्शन के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मै मन की नहीं दिल की बात करता हूं। ‘मन की बात’ पर पेंटेंट किसी और का है। मैं हिम्मत नहीं कर सकता मन की बात करने का। इन दिनों प्रचार और प्रोपेगंडा का जोर है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र मंच एक विचार मंच है। इस मंच पर हर दलों से आए लोग अपनी बात रखते हैं। हम देशहित की बात करते हैं। देशहित किसी भी पार्टी हित से बड़ी बात है। सरकार की खामियां जब सर से उपर गुजर जाये तो सरकार को चेताने के लिए यह मंच बना है।
वहीँ कार्यक्रम में यशवंत सिन्हा ने कहा कि मेरा धरना किसी सरकार के खिलाफ नहीं बल्कि किसानों के हक में है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र मंच एंटी बीजेपी फ्रंट नहीं है बल्कि ये एक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्र मंच बीजेपी का विरोध होता तो बीजेपी हमें निकाल देती।
राष्ट्र मंच की आवश्यकता बताते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा कि पार्टी में घुटन बढ गयी है. सांसदों में डर बढ़ गया है। इसलिए राष्ट्र मंच अपने मन की बात रखने के लिये बनाया गया है।