कांग्रेस सत्ता में आयी तो माफ़ होंगे गुजरात के किसानो के कर्ज

गांधीनगर। गुजरात में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस राज्य के किसानो के कर्ज माफ़ करने के वादे को अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करेगी। शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आयी तो गुजरात के किसानो के कर्ज माफ़ करेगी।

उन्होंने कहा कि गुजरात में लंबे समय से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी किसानों के प्रति उपेक्षा का भाव दिखाती रही है। केंद्र में कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार ने किसानों का 72000 करोड़ का ऋण माफ कर दिया था।

उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात सरकार ने किसानों को उनकी फसल की सही कीमत नहीं दी। अधिकतम समर्थन मूल्य की केवल घोषणा भर की जाती है। यहां किसानों की समृद्धि का झूठा दावा भाजपा करती रही है।

खेतीबाड़ी की उपज पर भी पांच प्रतिशत का कर लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के गृहनगर राजकोट में 9 अप्रैल को दो किसानों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल में 1483 किसानों के आत्महत्या करने की बात राज्य सरकार ने विधानसभा में स्वीकार की थी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital