महागठबंधन की मुहिम तेज : ममता हुई कांग्रेस नेताओं की मुलाकात, अखिलेश भी मिले

नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए गैर बीजेपी दलों के महागठबंधन बनाने के प्रयास तेज हो गए हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली में जहाँ कांग्रेस नेता अहमद पटेल और गुलामनबी आज़ाद से मुलाकात की वहीँ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी ममता बनर्जी से मिले।

जानकारी के मुताबिक पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सभी विपक्षी दलों के एकजुट होने की वकालत करती रही है। राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति चुनाव भी जल्द होने हैं। ऐसे में ममता बनर्जी का यह दौरा राष्ट्रपति चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अखिलेश यादव से मुलाकात से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से भी मुलाकात की है। इससे पहले शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ममता बनर्जी से मुलाकात की थी।

गैरभाजपाई दलों को लेकर महागठबंधन बनाने के लिए राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और जदयू के अध्यक्ष ,बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कई मौको पर कहते रहे हैं। सूत्रों के अनुसार जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन बनाने के लिए सभी गैरभाजपाई दलो की एक समिति बनाई जाएगी। जो इस पर आगे काम करेगी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital