प्रियंका गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर अभियान चला रहे कांग्रेस कार्यकर्त्ता

priyanka-rahul

नई दिल्ली ।  कांग्रेस ने भले ही उत्तर प्रदेश में पार्टी की नैया पार लगाने को रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) को लगाया है, लेकिन कांग्रेसियों को अभी भी उनकी रणनीति पर यकीन नहीं है। अब भी इलाहाबाद से एक बार फिर प्रियंका गांधी के नाम की गुहार लगी है। यह आवाज उठी है फेसबुक पर। इसे 24 घंटे में ही साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों ने शेयर किया है।

इलाहाबाद शहर से ही लोकसभा चुनाव 2014 से पहले शहर के कांग्रेस नेताओं ने प्रियंका गांधी को कांग्रेस की बागडोर देने की वकालत की थी। कई बार प्रियंका गांधी की मांग करने वाले पोस्टर भी लगाए गए। एक पोस्टर तो ऐसा था जिसमें सोनिया गांधी को बीमार और राहुल गांधी पर अधिक भार होने का हवाला देते हुए प्रियंका गांधी को फ्रंट पर लाने का तर्क दिया गया था। कांग्रेस में इस पर विवाद हुआ और इसके लिए जिम्मेदार हसीब अहमद और श्रीश चंद दूबे को पार्टी से बाहर भी कर दिए गए। हालांकि कुछ समय बाद इस जोड़ी को वापस ले लिया गया।

अब हसीब अहमद ने प्रियंका यूथ ब्रिगेड के नाम से एक फेसबुक पेज बनाया है। इसमें प्रियंका की तस्वीर के साथ ‘दीदी इज कमिंग सून इन यूपी’ लिखा पोस्टर पोस्ट किया है। परसों यह पोस्ट जारी हुई और कल शाम तक साढ़े तीन हजार लोग इसे शेयर कर चुके थे। 887 लाइक और 127 कमेंट भी हैं। करीब तीस फीसदी कमेंट नकारात्मक हैं। हसीब कहते हैं कि प्रियंका गांधी काफी लोकप्रिय हैं, यह इससे साफ हो जाता है। वह कांग्रेस को यूपी में टॉप पर ला सकती हैं।

कार्यकर्ताओं ने ऐलान कर दिया है कि दीदी इज कमिंग सून इन यूपी। कांग्रेस कार्यकर्ता हसीब अहमद ने प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को लेकर कई पोस्टर सोशल नेटवर्किंग साइट पर डाले हैं. इस तरह के कैंपेन से अब 2017 विधानसभा चुनाव की तैयारी साफ तौर पर झलक रही है। कार्यकर्ता प्रियंका गांधी को प्रदेश की कमान सौंपने के लिए अपनी ताकत झोंक रहे है। सोशल मीडिया पर इसका प्रचार जोर-शोर से शुरू कर दिया गया है।

हाल में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के इलाहाबाद पहुंचने पर उनके सामने भी कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में उतारने की गुजारिश की थी। चुनाव में रणनीतिकार के रूप में हायर प्रशांत किशोर ने भी अपने फीडबैक में कहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर यदि प्रियंका गांधी का नाम आगे किया जाए तो कांग्रेस की संभावना बढ़ जाएगी।

सोशल मीडिया पर छिड़ा प्रियंका के समर्थन में अभियान

प्रिंयका गांधी को प्रदेश की कमान संभालने के लिए ट्विटर और फेसबुक पर प्रियंका गांधी को लेकर पोस्टर की कई सीरीज डाल कर वायरल किया जा रहा है। पोस्टर सोशल नेटवर्किंग साइट पर डालने के बाद कमेंट भी आने शुरू हो गए हैं। प्रियंका गांधी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पिछले कई वर्षो से सोशल मीडिया साइट्स पर कैम्पेन चल रहा है । उड़ीसा कांग्रेस से जुड़ी महिला कांग्रेस नेता निरूपा साहू पिछले कई वर्षो से प्रियंका गांधी के लिए कैम्पेन चला रही हैं । निरूपा साहू सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी का एक ग्रुप भी हेंडिल कर रही हैं । इस ग्रुप में करीब बीस हज़ार सदस्य हैं ।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital