अर्थला गांव में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता का हाल जानने पहुंचे राहुल

rahul-gaziabad

नई दिल्ली । कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार को विफल बताया है। शनिवार को गाजियाबाद के अर्थला गांव में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता का हाल जानने के बाद राहुल ने कहा, ‘‘ आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है। मोदी जी ने कहा था कि मंहगाई कम करेंगे। मगर महंगाई बढ़ती ही जा रही है। कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।’’

राहुल गांधी शनिवार सुबह करीब 11 बजे अर्थला में रहने वाली महानगर महिला विंग की उपाध्यक्ष मीना वर्मा के घर पहुंचे। भारी सुरक्षा के बीच चुनिंदा पार्टी नेताओं के साथ राहुल गांधी 20 मिनट तक मीना के घर पर रहे। इस दौरान उन्होंने मीना का हालचाल पूछा। उनके जज्बे की तारीफ की। साथ ही और महिला कार्यकर्ताओं के साथ मंहगाई के खिलाफ पार्टी की लड़ाई को और तेज करने को कहा।

राहुल ने मीना के तीनों बच्चों आकाश, विकास और ज्योति व पति कमल वर्मा से पारिवारिक बातें भी कीं। राहुल उपाध्यक्ष ने आते और जाते वक्त उनकी एक झलक पाने को बेताब लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया। वह 11.25 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

राहुल के जाने के बाद मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली मीना ने मीडिया को बताया कि पार्टी उपाध्यक्ष द्वारा उनके घर आकर हालचाल पूछने से उनका हौंसला कई गुना बढ़ गया है। वह अब दोगुने जोश के साथ पार्टी का काम करेंगी। उन्होंने फिलहाल कोई चुनाव लड़ने की किसी भी संभावना से इनकार किया है।

बुधवार को मंहगाई और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस की महानगर इकाई ने कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुतला जलाते हुए कांग्रेस की महानगर महिला विंग की उपाध्यक्ष मीना वर्मा का की बाजू जल गई थी। मीना के पति इलेक्ट्रीशियन हैं। वह किराए के मकान पर अर्थला में रहती है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital