राहुल गांधी ने कहा, नीतीश ने पूरे बिहार को धोखा दिया

राहुल गांधी ने कहा, नीतीश ने पूरे बिहार को धोखा दिया

नई दिल्ली। बिहार में हुए इस राजनीतिक हलचल के बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला किया है। राहुल ने कहा है कि नीतीश कुमार ने कांग्रेस और महागठबंधन को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि हमें पहले से पता था कि नीतीश बीजेपी के साथ जाना चाहते हैं।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल ने कहा, ‘सत्ता के लिए व्यक्ति कुछ भी कर जाता है, इसके लिए कोई नियम और विश्वसनीयता नहीं है। राहुल ने कहा कि 3-4 महीने से हमें पता था ये प्लानिंग चल रही है। उन्होंने कहा कि अपने स्वार्थ के लिए व्यक्ति कुछ भी कर जाता है।

राहुल ने कहा कि नीतीश जी को सांप्रदायिक लोगों के खिलाफ लड़ाई के लिए जनादेश दिया गया था, लेकिन अब उन्होंने अपनी निजी राजनीति के लिए उनके साथ हाथ मिला लिया है।

वहीँ कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला का कहना है कि कांग्रेस नेताओं को भारी दु:ख हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी समेत पूरी पार्टी नीतीश का नेता के तौर पर सम्मान करती है। कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बीजेपी ने उन राज्यों को अस्थिर करने के लिए सभी रणनीतियों की कोशिश की, जहां विपक्ष की सरकार थी।

कांग्रेस के प्रवक्ता दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर लिखा है, ‘एक बार फिर से बिहार में राज्यपाल जी ने सरकारिया कमीशन और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन किया है Single largest party RJD को मौका नहीं दिया गया है। BJP का प्रजातंत्र में विश्वास न पहले था न अब है। इस कृत्य के लिए धिक्कार है।’

एक अन्य ट्वीट में कांग्रेस नेता दिग्विजय ने कहा, ‘नीतीश जी का कदम निराशाजनक है। क्या महागठबंधन करने के पहले लालू जी के परिवार के बारे में उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी? नीतीश जी बिहार की जनता ने महागठबंधन को चुना है और भाजपा/मोदी के विरोध में। नैतिकता यह कहती है कि आप पुनः बिहार की जनता का जनादेश लें’।

 

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital